बिजली के जर्जर तार बदलने की मांग को लेकर शनिवार को सुल्तानपुर गांव के लोगों ने प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीणों ने विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में हाईटेंशन तार जर्जर होकर इतने नीचे तक लटक गए हैं कि उसके संपर्क में आकर कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से कई बार की गई, लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया। उनका कहना था कि गांव के जिस रास्ते के पास बिजली का तार पोल से ढीला होकर नीचे तक लटक रहा है, उसी रास्ते से रोज कई गांवों के लोगों का आना-जाना रहता है। कई बार शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन तार नहीं बदला गया। इस संबंध में अवर अभियंता तारा सिंह का कहना है कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। प्रदर्शन में विजय बहादुर यादव, लाल बहादुर यादव, राम सेवक निषाद, फूल चंद निषाद, मुकेश यादव, अरविंद यादव, हरीश चंद, कुलदीप कुमार व राज कुमार निषाद आदि शामिल रहे।