मीरगंज क्षेत्र के गोधना गांव में शनिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे नहाने के दौरान डूबकर किशोर की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गोधना गांव निवासी पंकज गुप्ता का पुत्र निशांत (16) शनिवार दोपहर गांव के अन्य बच्चों के साथ घर से करीब पांच सौ मीटर दूर तालाब में नहाने गया था। गांव के लड़कों के साथ निशांत भी तालाब किनारे स्थित आम के पेड़ पर चढ़कर तालाब में कूद रहा था। साथ नहाने गए उसके साथियों के मुताबिक निशांत पेड़ पर चढ़ रहा था उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पेड़ की जड़ पर गिर पड़ा। चोट लगने के बाद वह लुढ़क कर ताला में चला गया । साथियों ने शोर मचाया तो गांव के लोग जुट गए। उसे तालाब से बाहर निकाला गया तो वह अचेत था। उसे मछलीशहर के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया । उसके सिर व हाथ में भी चोट के निशान मिले हैं। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां मनोरमा व बड़ा भाई प्रशांत व छोटे भाई लकी अनिकेत के साथ पिता पंकज गुप्ता का रोरो कर बुरा हाल है। किशोर चौकीकला गांव के एक स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र था। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।