परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरख नाथ पटेल से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल को शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने पदोन्नति के लिए जिले के परिषदीय शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जल्द तैयार करने और शासनादेश जारी होते ही पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का यह भी कहना था कि बीआरसी से विद्यालय तक पुस्तक ढुलाई में खर्च धनराशि का भुगतान दो साल से नहीं हुआ है। यह धनराशि अविलंब दिलाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री सतीश पाठक, संयुक्त मंत्री शैलेन्द्र सिंह, संगठन मंत्री अश्वनी सिंह, संतोष बघेल, राजेश सिंह, सरोज सिंह आदि शामिल रहे।