घायलों को अस्पताल ले जाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्रों में अलग-अलग हुए सड़क हादसो में किशोर समेत चार लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घनश्यामपुर में अनियंत्रित ट्रेलर ने मिनी बस, पिकअप और बाइक में टक्कर मारी। जिससे तीन लोग घायल हुए जबकि खुटहन में बोलेरो की चपेट में आकर किशोर घायल हो गया।
घनश्यामपुर प्रतिनिधि के अनुसार, बाराबंकी से पाइप लादकर ट्रेलर जौनपुर जा रहा था। इंदिराचौक के पास पहले से खड़ी एक बाइक में टक्कर मारते हुए एक मिनी बस से टकराया और आगे जाकर एक पिकअप को धक्का मारते निकल गया। पिकअप में सवार बक्शा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव निवासी महेंद्र कुमार (48), बबलू (23) और सुबोधकांत (24) घायल हो गए। तीनों को स्थानीय एक निजी चिकित्सक यहां इलाज कराया गया। ट्रेलर चालक बालागंज निवासी दीपू बदलापुर थाने के सामने गाड़ी खड़ीकर थाने में पहुंच गया। पीछा कर रही भीड़ भी थाने पहुंची लेकिन थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा बुझाकर वापस कर दिया। हालांकि ग्रामीण बाद में भी लगातार गुस्से में रहे।
खुटहन प्रतिनिधि के अनुसार,स्थानीय थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास गुरुवार को बोलेरो की चपेट में आने से साइकल सवार किशोर घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर देख सीएचसी से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद बोलेरो चालक मय वाहन फरार हो गया। पिलकिछा गांव के सेमरहा मजरा निवासी सुभाष निषाद का पुत्र रोहित (16) घर से खुटहन बाजार जा रहा था। वह दौलतपुर के पास पहुंचा था जहां बोलेरो की चपेट में आ गया। हादसा होते ही किशोर छिटक कर दूर जा गिरा। आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े और किशोर को संभ्ााला। बाद में घायल किशोर को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया।