अंतरजनपदीय वाहन लूट गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट की दो ट्रक, टवेरा, बोलेरो और एक टाटा इंडिगो कार, तमंचा व कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया है।
पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्यों को जलालपुर के पास से गिरफ्तार किया गया । वे सभी वाहनों के साथ बिहार जाने की फिराक में थे। मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में एसपी राजूबाबू सिंह ने घटना
का खुलासा करते हुए पकड़े गए लुटेरों को मीडिया के सामने पेश किया। एसपी ने बताया कि सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बिच्छी गांव निवासी ट्रक चालक विरेंद्र यादव ने 24 जनवरी को जलालपुर पुलिस को सूचना
दी थी कि 22 जनवरी को वह आजमगढ़ से गिट्टी गिराकर जलालपुर के रास्ते लौट रहा था। जलालपुर पुल के पहले बोलेरो सवार चार बदमाशों ने ट्रक लूट ली थी। इस सूचना पर जलालपुर पुलिस ने ट्रक लूट का मुकदमा दर्ज किया
था। 25 जनवरी की रात जलालपुर थानाध्यक्ष अनिल सिंह और स्वाट टीम प्रभारी शिवशंकर सिंह मय फर्स सिरकोनी तिराहे पर आपस में बात कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि लूटी गई ट्रक और अन्य गाडिय़ों के साथ
लुटेरे सादीपुर के रास्ते बिहार की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने सादीपुर तिराहे के पास घेराबंदी की। रात में करीब 12:05 बजे आई गाडिय़ों को पुलिस ने रोका तो उनमें सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर पांच को गिरफ्तार
कर लिया। जबकि ट्रक चालक अंधेरे में फरार हो गया। पुलिस ने उनके पास से लूट की दो ट्रक, एक सफेद रंग की टवेरा, एक बोलेरो और एक इंडिगो कार बरामद किया। उनके पास से एक तमंचा और चार कारतूस भी बरामद हुआ।
पकड़े गए बदमाशों में साजिद अली पुत्र मैनुद्दीन निवासी महुआर सदर कोतवाली प्रतापगढ़, सगीर लल्लन पुत्र मो. इदरीश निवासी अशवा सांगीपुर प्रतापगढ़, सोनप्रकाश मिश्रा पुत्र सूर्य प्रसाद सिंगाई रानीगंज प्रतापगढ़, शिवा पटेल पुत्र
रामखेलावन निवासी दरछुट मगरौरा प्रतापगढ़ और रोहित सरोज पुत्र ओमप्रकाश निवासी भगवा सदर कोतवाली प्रतापगढ़ शामिल हैं। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।