करंजाकला/शाहगंज। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर के पास दो बाइक की सीधी टक्कर में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। जबकि शहगंज कोतवाली क्षेत्र के सिधाई के पास बाइक से गिरकर आदमपुर के ग्राम प्रधान घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबिक शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खुटहन थाना क्षेत्र के कैराडीह गांव निवासी बृजेश यादव (22) और राहुल यादव (20) शनिवार की शाम बाइक से जौनपुर शहर जा रहे थे। दोनों रात में शहर में अपने किसी रिश्तेदार के घर पर रुककर सुबह किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए वाराणसी जाने वाले थे। उनके साथ दो अन्य बाइक पर चार और साथी भी थे। उन्हें भी वाराणसी परीक्षा देने जाना था। वे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकुपर के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रहा बाइक सवार बृजेश की बाइक से भिड़ गया। बाइक चला रहे बृजेश और पीछे बैठे राहुल दोनों घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक सवार बाइक समेत फरार हो गया। साथ में चल रहे उनके साथियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार शुरू होते ही बृजेश की मौत हो गई। जबकि राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। सूचना पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए जहां कोहराम मच गया । दूसरी घटना शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सिधाई मोड़ के पास हुआ। खेतासराय थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव के प्रधान अच्छेलाल (47) बाइक से अपने घर जा रहे थे। वह सिधाई मोड़ के पास पहुंचे थे तभी अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक असंतुलित हो गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।