शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अरगूपुर कला गांव में शुक्रवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को असलहे के बलपर बंधक बनाकर नकदी व जेवरात समेत तीन लाख से अधिक का माल लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
अर्गूपुरकलां गांव के धौरहरा पुरवा निवासी कोटेदार रामदास यादव के घर शुक्रवार की देर रात चार की संख्या में नकाबपोश बदमाश मकान के पीछे लगे अमरूद के पेड़ के सहारे छत पर चढ़े और वहां से सीढ़ी के रास्ते आंगन में उतर आए। रामदास की बहू चन्द्रकला यादव (32) पत्नी कृष्ण कुमार यादव अपने तीन बच्चों के साथ एक कमरे में सो रही थी। नकाबपोश बदमाशों ने महिला व बच्चों को असलहे से आतंकित कर उनका हाथ-पांव बांध कर एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद घर के कमरों में रखे आल्मारी व बक्सों को तोड़कर लूटपाट की। चन्द्र कला के मुताबिक 32 हजार नकदी व जेवर समेत तीन लाख रुपये से अधिक का माल बदमाशों ने लूट लिया। पीड़िता का पति कृष्ण कुमार यादव ताखा पश्चिम गांव में एक मोबाइल टावर पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है । घटना के समय वह रात में ड्यूटी पर था। परिवार के अन्य पुरुष सदस्य घर से कुछ दूरी पर दूसरे मकान में थे। जब पति शनिवार की सुबह ड्यूटी से लौटा तो आवाज लगाने के बाद भी अंदर से दरवाजा नहीं खुला। उसने दूसरे मकान पर सो रहे परिवार के अन्य सदस्यों को भी बुलाया। बाहर से सीढ़ी लगाकर वह आंगन में गया तो वहां का दृष्य देख हैरान रह गया। कमरे में महिला और उसके बच्चे मौजूद थे। बाहर से दरवाजा बंद था और सभी के हाथ पैर बंधे हुए थे। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है। अभी दो दिन पूर्व कोरवलिया गांव निवासी फरदीन अहमद पुत्र जलालुद्दीन के आवास से चोरों ने बाइक समेत डेढ़ लाख रुपये के जेवरात व नगदी पार कर दिया था। पुलिस ने उस घटना में अभी तक केस दर्ज नहीं किया है। सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। केस दर्ज कर शीघ्र ही घटना का खुलासा करने का निर्देश इंस्पेक्टर को दिया गया है।