मऊ। रक्षाबंधन त्योहार के अवसर पर मिलावटी मिठाई पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चिरैयाकोट बाजार और करहा में मिठाई की कई दुकानों पर छापेमारी कर 30 किलो नकली पेड़े बरामद किए। इनके नमूनों को अधिकारियों ने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
टीम ने करहा बाजार में संसार स्वीट नामक एक मिठाई की दुकान पर छापा मारा। यहां पर पेड़ा का नमूना टीम के अधिकारियों ने लिया तो वह पहली ही नजर में नकली नजर आया। वजन कराने पर वह 30 किलो निकला। अधिकारियों ने इस पेड़े को मिट्टी खोदवाकर उसके नीचे दबवा दिया। टीम के अधिकारियों ने संसार स्वीट के मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। टीम ने चिरैयाकोट में दिनेश मद्धेशिया की दुुकान से बरफी, चिरैयाकोट से जायसवाल स्वीट हाउस से बरफी , करहा से क्वालिटी स्वीट्स से खोवा, जमालपुर से नंदिनी स्वीट्स से छेना मिठाई, बढ़ुआगोदाम से बाबू लाल यादव, विनोद और बृजेश यादव से भैंस का दूध के नमूने लिया।
अभिहित अधिकारी श्रवण त्रिपाठी के निर्देश पर सचल दस्ता के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश दीक्षित , खाद्य सुुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार यादव, जयहिंद राम, मु. नसीम खान, रामानंद और बिंदू पांडेय शामिल रहे। अभिहित अधिकारी श्रवण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।