जौनपुर। जिले में अलग अलग हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 21 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौराबादशाहपुर में हादसे में मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम समाप्त करवाया।
गौराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली के अगेहता गांव निवासी दीपक कुमार यादव (23) अपने चचेरे भाई बिपिन यादव (21) के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर मोड़ के पास पहुंचे थे तभी अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गए। दीपक ट्रक के पहिया के नीचे दब गया जिसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई बिपिन गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थनीय लोगो ने एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर मोड़ के पास अज्ञात ट्रक से कुचल घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जौनपुर आजमगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। थाना अध्यक्ष के समझाने पर घंटे भर बाद जाम समाप्त हुआ।
सुजानगंज प्रतिनिधि के अनुसार दीपकपुर गांव निवासी राम अकबाल पाल(55) तथा बाबूलाल पाल (56) बाजार से पैदल अपने जा रहे थे। तभी बेलवार की तरफ से आ रही मारुति वैन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुचकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज पहुंचाए। डाक्टर ने राम अकबाल को मृत घोषित कर दिया जबकि बाबूलाल का इलाज चल रहा है। टक्कर इतनी तेज थी की मारुति वैन पलट गई। मौके से चालक फरार हो गया। ।सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष हरिप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे शव को कब्जे में लेकर आज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गए।
मडियाहूं प्रतिनिधि के अनुसार इलाके में अलग अलग हुए सड़क हादसे में दस लोग घायल हो गए। सुबह 8 बजे क्षेत्र के मडियाहू मछली शहर मार्ग पर रामपुर निस्फी गांव के पास कार सवार ने साइकिल व बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार मुकेश सरोज (35) निवासी हैबतपुर थाना औराई और राजापुर नंबर एक गांव निवासी साइकिल सवार अंकित यादव (12) नीरज यादव (13) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने वाहन सहित चालक को हिरासत में ले लिया है। उधर ओवर टेक के चक्कर में कोतवाली क्षेत्र के इटाए बाजार के पठान पुरवा गांव के पास टेंपो व पिकअप की टक्कर में टेम्पो सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें पतौरा केराकत निवासी दिनेश सरोज 40 वर्ष उनके पुत्र जितेंद्र (15) मडिय़ाहूं नगर के भंडरिया टोला निवासी श्रेया मौर्या (5) बीना मौर्य (40), गायत्री देवी (45), सरिता देवी (35), गंभीर रूप से घायल हो गए । सभी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सतहरिया प्रतिनिधि के अनुसार मुंगराबादशाहपुर में मछलीशहर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार को टाटा मैजिक व टेम्पो में आमने-सामने टक्कर हो गई जिसमें सवार दो सगी बहनें सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हरीकेश (28) निवासी बरईपार सुजान गंज, अंजली प्रजापति (19) व नंदनी प्रजापति (18) पुत्री राजन प्रजापति निवासी भसोट थाना मुंगराबादशाहपुर तथा बलिकरन सरोज (70) निवासी बहरिया इलाहाबाद सहित चालक मंगू यादव निवासी साहब गंजगंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार मुंगराबादशाहपुर थाना के सरोखनपुर गांव निवासी रमेश चंद्र दुबे(62) व उनके बड़े भाई सुभाष चंद्र दुबे (65) एक ही बाइक से एक शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रविवार को आधी रात के करीब कार्यक्रम से लौट रहे थे।पीड़ित के अनुसार जब वे दोनों समाधगंज बाजार के निकट पहुंचे अचानक सामने एक शराबी आ गया। जिसको बचाने में उनकऌी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बगल गड्ढे में जा गिरी। दोनों बाइक सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घनश्यामपुर प्रतिनिधि के अनुसार रारीकला गांव निवासी दीपक शर्मा (21) शिवम शर्मा (18) बाइक से धनियामऊ की तरफ जा रहे थे। सरोखनपुर के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार जीप से जोरदार भिड़ंत हो गयी। जिसके चलते दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।
फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या
नेवढिय़ा /जौनपुर। थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद (बराईकला) गाँव निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार पटेल पुत्र कैलाशनाथ पटेल ने रविवार की रात फांसी लगाकर जान दे दी।
परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र मडिय़ाहूं में एक डिग्री कालेज में लिपिक था। उसकी शादी 21 मई को रसुलहा,कपसेठी में तय हुई थी। 10 मई को घर पर तिलकोत्सव समारोह का कार्यक्रम था। घर वालों ने सारी तैयारियां पूरी कर ली थी। रविवार को धर्मेन्द्र अपने दोस्तों के साथ कपड़े की खरीददारी कर शाम को घर वापस आया और बड़े उत्साह के साथ भाई, बहनों को दिखाया। धर्मेंद्अ घर के अंदर सोया था और छोटा भाई जितेंद्र घर के बाहर सोया था तभी करीब 10 बजे तेज हवा चलने लगी। आंधी के अंदेशा को देख छोटा भाई भी घर के अंदर सोने चला गया। वहाँ एक साथ दोनों भाइयों में कुछ समय तक बातचीत भी हुई बात करने के दौरान ही छोटा भाई जितेंद्र सो गया। उसके बाद कब धर्मेंद्र बाहर निकलकर घटना को अंजाम दे दिया किसी को पता नही चल सका। सुबह करीब साढ़े पाँच बजे पड़ोसी ने देखा की धर्मेंद्र आम के पेड़ से कपड़े के फंदे में लटका हुआ है। जिसकी सूचना तुरंत परिवार वालों को दिया। वही सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। जिसकी शादी की तैयारी चल रही थी अब उसके अर्थी की तैयारी करनी पड़ रही है। किस वजह से धर्मेंद्र ने इस घटना को अंजाम दिया कारणों का पता नही चल सका। घटना की सूचना ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही कर शव का पंचनामा कर शव को परिजनों को सौंप दिया। घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है। गांव में तरह तरह की चर्चाएं है।
किशोरी ने लगाई फाँसी, मौत
सुजानगंज/ जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के तरसाव में एक किशोरी ने दुपट्टा की सहायता से फाँसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीमा पुत्री राजेश पटेल (17) रविवार की रात को भोजन करके दूसरे मंजिल के टीनसेट वाले कमरे में सोने चली गई। सुबह काफी देर तक जब सीमा सो कर नहीं उठी तो लोगो ने कमरे के अंदर झाँक कर देखा तो सीमा का लटकता हुआ शव दिखाई दिया। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। सीमा ने हाल ही 10 वीं की परीक्षा उर्त्तीण किया था। परिजनों का कहना है कि कोई बात विवाद भी नही हुआ सब लोग रोज की तरह आज भी भोजन करके सोये थे किसी को कुछ जानकारी नहीं कि कैसे क्या हो गया। किशोरी के पिता हलवाई के साथ खाना बनाने का काम करते हैं। देर रात वो भी घर पहुंचे और रोज की तरह सो गए एक भाई है जो कि इलाहाबाद में पढ़ाई करता है। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई । सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुजानगंज हरिप्रकाश यादव मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही में जुट गए।
जनरेटर तार की चपेट में आने से किशोर की मौत
सिंगरामऊं। स्थानीय थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में रविवार की रात बारात में शामिल किशोर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
मिश्रौली गांव निवासी केशरी निषाद के घर रविवार को बारात आई थी। जयमाल से वर वधू की शादी चल रही थी कई छोटे-छोटे बच्चों के साथ मिश्रौली गांव निवासी कृष्णमोहन दुबे का बेटा अंकित (14) भी खेल कूद और गुब्बारे फोड़ ने में जुटा था। अंकित स्टेज से उतर कर पीछे खेत की तरफ जा रहा था तभी जनरेटर का नंगा तार उसके सम्पर्क में आ गया और वह करेंट से झुलस गया। अस्पताल ले जाने की तैयारी हो रही थी तबतक उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।