बीएचयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडीज के सलाहकार रहे चंचल सिंह बुधवार को एसीजे प्रथम विवेक विक्रम की कोर्ट में हाजिर हुए। कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। उनके अधिवक्ता अवधेश सिंह व दुष्यंत सिंह ने वारंट रीकॉल करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट ने चंचल को 20 हजार के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश देते हुए सुनवाई की अगली तिथि 20 नवंबर नियत कर दी।
कांग्रेस नेता चंचल पुराने समाजवादी व अव्यवस्था के खिलाफ मुखर नेता रहे हैं। 2 मार्च 1982 को वह अपने परिचित भारत यादव जो सीमेंट का परमिट न मिलने से परेशान थे के साथ महराजगंज ब्लाक पर निरीक्षण करने आए डीएम टीडी गौड़ से मिलने पहुंचे। भारत यादव ने डीएम से चार बोरी सीमेंट देेने का अनुरोध किया। इस पर डीएम कुछ नाराज हुए और चंचल व डीएम के बीच बहस हो गई। बाद में डीएम ने थाने में चंचल पर महराजगंज ब्लाक के निरीक्षण के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज करा दी। पुलिस ने विवेचना कर 13 अप्रैल 1982 को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। बाद में उनके खिलाफ वारंट जारी हुआ। 8 नवंबर 2017 को पुलिस ने चंचल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया था। 16 दिसंबर 2017 को चंचल के खिलाफ आरोप तय हुआ। बीच में कोरोना काल में हाजिर न होने पर उनके खिलाफ पुन: गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया था। बुधवार वह कोर्ट में हाजिर हुए और कोर्ट ने उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।