सिकरारा क्षेत्र के बभनौली गांव में मवेशी चोरी करने की नीयत से पहुुंचे पशु तस्कर कीचड़ में वाहन फंसने के कारण मवेशी लदी पिकअप छोड़कर फरार हो गए। घटना मंगलवार रात की है। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके से दोनों वाहन कब्जे में लेकर थाने ले आई। गोवंश को गांव के ही एक किसान को सुपुर्द कर दिया गया। जहां से उन्हें गोशाला भेज दिया जाएगा।
गांव में देर रात पशु तस्कर पिकअप में गोवंश लादकर भागने की फिराक में थे। बारिश के कारण उनका वाहन कीचड़ में फंस गया। उसे निकालने के चक्कर में हो रही आवाज सुनकर गांव के ही एक व्यक्ति ने थाने में सूचना दी। थानाध्यक्ष सैयद हसन मुंतजर ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर घेराबंदी कर ली। पुलिस से अपने को घिरा देख पशु तस्कर चालक सहित बाइक व पिकअप छोड़कर वहां से फरार हो गए। थानाध्यक्ष ने सभी गोवंश को एक किसान को सुपुर्द कर दोनों वाहन थाने ले आए। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोवंश गोशाला भेज दिया जाएगा। टीम लगाकर पशु तस्करों की छानबीन की जा रही है।