तहसील सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने शुक्रवार को देर रात तक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी को मिलना चाहिए। लाभार्थियों से एक रुपये भी रिश्वत लिए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी गांव में कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे। अक्सर यह देखने में आता है कि लोगों को तीन-चार महीने तक राशन मिलने के बाद अचानक बंद कर दिया जाता है या फिर यूनिटें घटा दी जाती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि एक बार आधार कार्ड नंबर लिंक करके औपचारिकताएं पूरी करके तीन चार महीने तक राशन दिए जाने के बाद अचानक इसे बंद कैसे किया जा सकता है। ऐसा होने पर गड़बड़ी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने आगाह किया कि प्रत्येक ऐसे पीड़ित लाभार्थी की जांच कराकर पता किया जाना चाहिए कि उनका राशन कौन ले रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों का पैसा गलत लोगों खातों में जाने के संबंध में उनका कहना था कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की सभी 15 नहरों में पानी बराबर आ रहा है। बैठक में सीडीओ अनुपम शुक्ला, एसडीएम अंजनी कुमार सिंह, बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।