श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस लाइन परिसर में भव्य पंडाल सज गया है। पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाने का काम शुरू हो गया है। सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी चल रही है। पुलिस लाइन के अलावा बाजार, थाना परिसर में भी भव्य तरीके से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने की तैयारी है।
जिला कारागार में जन्माष्टमी पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। लोग घरों में भी श्रीकृष्ण की झांकी सजाने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस लाइन परिसर में देर रात तक भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक जय कन्हैयालाल के जयकारे से गूंज उठेगा। जन्माष्टमी को देखते हुए मंदिरों में भी साफ-सफाई का काम तेज हो गया है। जन्माष्टमी का पर्व 30 अगस्त को मनाया जाएगा। आचार्य डा. रजनीकांत द्विवेदी ने बताया कि जन्माष्टमी पर पूजा का मुहूर्त रात 11:59 बजे से देर रात 12:44 मिनट तक बन रहा है। शहर में कई मंदिरों में भी पंडाल सजाए जा रहे हैं। रात्रि जागरण का आयोजन भी किया जाएगा।