जौनपुर। यूपी पीसीएस 2016 की परीक्षा में भी जिले के होनहारों ने सफलता हासिल की है। एसडीएम, वाणिज्य कर अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बीडीओ और नायब तहसीलदार के के पदों पर 15 से ज्यादा मेधावियों का चयन हुआ है।
सिरकोनी विकास खंड के राजेपुर मतुला निवासी राजबहादुर यादव की बेटी भूमिका यादव का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। यूपी पीसीएस 2016 की परीक्षा में उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग में 35वीं रैंक हासिल की है। भूमिका अपनी सफलता का श्रेय चाचा राष्ट्रीय अध्यापक श्याम बहादुर यादव और मामा सीनियर आडिटर विनय कुमार यादव को देती हैं। उनके पिता राजबहादुर मुंबई रेलवे में स्टेशन अधीक्षक हैं और पति जयप्रकाश यादव समीक्षा अधिकारी हैं। भूमिका मौजूदा समय में अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत इटौजा लखनऊ में तैनात हैं।
बदलापुर तहसील क्षेत्र के उमरी खुर्द निवासी अरविंद उपाध्याय की पुत्री डॉ. रूपम उपाध्याय का चयन बीडीओ के पद पर हुआ है। अरविंद उन्नाव जनपद में अपर जिला जज के पद पर तैनात हैं। रूपम अपनी सफलता का श्रेय दादा अविनाश चंद को देती है। मुंगराबादशाहपुर के मुगरडीह गांव निवासी रवि प्रताप सिंह का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। नायब तहसीलदार में उनकी 11 वीं रैंक है। पिता लाल साहब रिटायर्ड शिक्षक है।
जलालपुर के खरगपुर निवासी लक्ष्मण सिंह और नीलम सिंह की पुत्री डा. शालिनी सिंह का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। वर्तमान में वह वक़्फ़ निरीक्षक के पद पर प्रयागराज में तैनात हैं। राजेपुर मतुला निवासी राजबहादुर यादव की पुत्री भूमिका यादव का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। अपनी सफलता का श्रेय वह अपने चाचा श्याम बहादुर यादव और चाचा शरद को देती हैं।
शहर के शेखपुर चौराहा निवासी राममूरत निषाद के पुत्र अरविंद कुमार निषाद का चयन असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य के पद पर हुआ है। अरविंद वर्तमान में बिजनौर में मत्स्य निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। बदलापुर क्षेत्र के ग्राम रूपचन्दपुर निवासी गरिमा सिंह का चयन बाणिज्य कर अधिकारी के पद पर हुआ है। गरिमा सिंह वर्तमान में आजमगढ़ के ठेकमा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय हदिशा दयालपुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। वह अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपनी मां मधुबाला सिंह, बड़े पिता कुंवर साहब सिंह को देती हैं।
मड़ियाहूं क्षेत्र के गुतवन निवासी नितेश मिश्रा का चयन ट्रेजरी ऑफिसर के पद पर हुआ है। उनकी इंटर तक की शिक्षा नवोदय विद्यालय मड़ियाहूं में हुई। वर्तमान में नीतेश मिश्रा एडीओ को- ऑपरेटिव आरा बिहार में तैनात हैं। अपनी सफलता का श्रेय पिता राजेश मिश्रा व नवोदय के अध्यापक मुदित सक्सेना को दिया। जलालपुर विकास खंड के कुसांव गांव निवासी संतोष सिंह के पुत्र प्रभाकर सिंह का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ। सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट पद पर चयनित प्रभाकर सिंह ने पिछले वर्ष अपनी नौकरी से इस्तीफ़ा दे दिया था। इनकी पढाई बीएचयू से परास्नातक एवं पुरातत्व से नेट जेआरएफ उत्तीर्ण किये है।
बक्शा क्षेत्र के बेलापार गांव निवासी शैलेश कुमार यादव का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ हैद्य शैलेश कुमार यादव का चयन इसके पूर्व असिस्टेंट कमांडेंट बीएसएफ 2013 बैच में हुआ था। पिता राय साहब यादव उत्तराखंड में पीईएस पद पर तैनात हैं। वर्तमान में अल्मोड़ा में शिक्षा अधिकारी हैं।
बदलापुर क्षेत्र के ग्राम सरोखनपुर निवासी जय प्रकाश यादव का चयन प्रोबेशन अधिकारी के पद पर हुआ है। वह वर्तमान में मुजफ्फरनगर में डिप्टी जेलर के पद पर कार्यरत हैं।
सुईथाखुर्द गांव निवासी रमाकांत की तैनाती बीडीओ के पद पर हुई है। रमाकांत पुत्र रामबुझारत हाईस्कूल ग्राम विकास इंटर कालेज और इंटरमीडिएट व स्नातक की पढ़ाई गांधी स्मारक पीजी कालेज समोधपुर से पूरी की।
शहर के रासमंडल निवासी तनवीर हसन का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। तनवीर हसन के पिता तौकिर हसन रिटायर्ड डिप्टी एसपी हैं। तनवीर हसन सीआरपीएफ में डिप्टी कमाडेंट के पद पर भी कार्य कर चुके है।
बक्शा विकास खंड के उटरुकला निवासी राहूल सिंह एवं जंगीपुर गांव निवासी दीपक सिंह का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। दोनों मार्केंटिंग इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत है। राहुल सिंह के पिता यदुनाथ सिंह किसान है। राहुल की पत्नी प्रीती सिंह गोरखपुर में असिस्टेंट प्रोफसर के पद पर कार्यरत है। दीपक सिंह वर्तमान में देवरिया जनपद में तैनात है।