जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शनिवार को दूसरे के स्थान परीक्षा दे रहे दो लोगों को पकड़ा गया। एक परीक्षार्थी, जिसकी जगह पर परीक्षा दी जा रही थी, वह बाहर बैठा था, उसे भी पकड़ लिया गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। सोमवार को 8586 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
सरपतहा थाना क्षेत्र के सराय मोहदीनपुर स्थित लक्ष्मीशंकर इंटरमीडिएट कॉलेज बरौत में पहली पाली की परीक्षा में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। कक्ष संख्या दस में निरीक्षकों ने संदेह के आधार पर अनुक्रमांक संख्या 2398504 पर परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी रमाकांत को चेक किया तो पता चला कि वह दुर्गेश की जगह परीक्षा दे रहा है। इसी तरह कक्ष संख्या एक में अनुक्रमांक 2398541 पर परीक्षा दे रहा प्रकाश से पूछताछ करने पर सामने आया कि वह अपने पड़ोसी सजल की जगह परीक्षा दे रहा था। परीक्षार्थी दुर्गेश के बारे में जानकारी मिली कि वह परीक्षा केंद्र के बाहर बोलेरो में बैठा है। केंद्र व्यवस्थापक श्रीराम यादव ने तीनों को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस को तहरीर दी। तीनों गंगौली गांव के निवासी हैं। पता चला कि दोनों चार पेपर की परीक्षा दे चुके हैं।
शनिवार को पहली पाली में 8586 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया। पहली पाली में कुल 104450 छात्र पंजीकृत थे। जिसमें से 95864 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। 8586 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया। हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान में 104376 छात्र पंजीकृत थे। जिसमें से 95791 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। 8585 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया। इंटरमीडिएट गणित एवं साख्यिकी की परीक्षा में 74 छात्र पंजीकृत थे। जिसमें से 73 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। एक छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे।