जौनपुर। सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जा हटवा कर उसे संबंधित ग्राम सभा को सौंपा जा रहा है। ग्राम सभा द्वारा इस भूमि का उपयोग सार्वजनिक कामों में करेगा। जिले में अब तक कुल 118 हेक्टेयर भूमि से अतिक्रमण हटवाया जा चुका है।
जिले में पुलिस व राजस्व विभाग की टीम अभियान चलाकर सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जा हटवाने का कार्य कर रही है। लेखपालों को गांवों में सार्वजनिक भूमि पर कब्जे चिह्नित करने के काम में लगाया गया है। अवैध कब्जे की सूचना मिलने के बाद तहसील की टीम कब्जा हटवा दे रही है। अब तक 118 हेक्टेयर भूमि से अवैध कब्जा हटवाया गया है। इसमें सदर तहसील में 25.5500 हेक्टेयर, मड़ियाहूं में 8.9880 हेक्टेयर, मछलीशहर में 21.5882 हेक्टेयर,शाहगंज में 24.7181 हेक्टेयर, केराकत में 21.0518 हेक्टेयर और बदलापुर तहसील में 16.6750 हेक्टेयर सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जा हटवाया गया है। खाली कराई गई भूमि संबंधित ग्राम सभा को सौंप दी गई है। इससे ग्राम सभा द्वारा उक्त भूमि को उपयोग सार्वजनिक तौर पर कर सके। हलांकि अभी इक्का -दुक्का कब्जा मुक्त भूमि को छोड़ दिया जाए तो शेष कब्जा भूमि का उपयोग ग्राम सभा द्वारा अभी तक कोई सार्वजनिक उपयोग में नहीं कर रहा है। ग्राम सभा की भूमि का सार्वजनिक उपयोग करना प्रारंभ कर दिया हैं। इस दौरान तालामझवारा में सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर तालाब बनवाने का कार्य किया जा रहा है। तालाब बनवाने का कार्य ग्राम सभा द्वारा किया जा रहा है। जिससे लोगों के घरों का पानी और बरसात का पानी तालाब में जा सके।
62 शिकायतों का नहीं हो सका है निस्तारण
जौनपुर। पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मिलकर सार्वजनिक भूमि संबंधि आए शिकायतों का भी निस्तारण कर रही है। अब तक जिले में 1832 शिकायती पत्र आए हैं। जिसमें से 1770 मामलों का निस्तारण कर दिया गया। जबकि अभी भी 62 शिकायतों का निस्तारण नहीं किया जा सका है।
सार्वजनिक भूमि से कब्जा हटवाकर उसे ग्राम सभा को सौप दी जा रही है। जिससे इस भूमि को ग्राम सभा सार्वजनिक उपयोग में ला सके। तालामझवारा में अतिक्रमण हटाए गए सार्वजनिक भूमि पर ग्राम सभा द्वारा तालाब खुदवाने का कार्य किया जा रहा है। लगातार अभियान चलाकर सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा हटवाया जा रहा है।-आरपी मिश्रा, एडीएम वित्त व राजस्व