कदौरा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना की हकीकत परखने के लिए शनिवार को ब्लाक क्षेत्र के ग्राम बसरेही में तीन सदस्यीय ऑडिट टीम ने पहुंच कर मनरेगा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर सत्यापन किया। टीम ने रोजगार सेवक व महिला मेट को जरूरी दिशा निर्देश देकर श्रमिकों की प्रतिदिन हाजिरी भरने के आदेश दिए। टीम ने गांव स्थित परिषदीय विद्यालय में खुली बैठक का आयोजन किया।
बैठक के दौरान टीम ने 2020-21 में कराए गए मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना कार्य को पड़ कर सुनाया। इस दौरान श्रमिको की समस्याओं को सुन कर योजनाओं के बारे में जानकारी दी। श्रमिक फूल सिंह, रूपाराम, लालाराम ने बैंक के खाते से मजदूरी के रुपये निकालने में होने वाली परेशानी टीम को बताई। श्रमिकों ने मांग की कि बैंकों में श्रमिकों के लिए अलग काउंटर लगाया जाए। ताकि मजदूरी के रुपये निकालने के लिए परेशान न होना पड़े। ऑडिटर गजराज सिंह ने कहा कि शासन द्वारा संचालित मनरेगा योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों का निरीक्षण व सत्यापन किया है। श्रमिकंो को रोजगार गांव में दिया जा रहा है। श्रमिको की समस्याओं का जल्द निस्तारण होगा। वह अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को देंगे। ग्राम पंचायत अधिकारी धीरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि गांव में चकरोड, समतलीकरण, जलरोक बांध का कार्य चल रहा है। जिन श्रमिकंो के पास जॉबकार्ड नहंी वह अपना आवेदन कर सकते हैं। इस दौरान प्रधान सतीश राजपूत, भइयालाल सहित रोजगार सेवक, महिला मेट व श्रमिक मौजूद रहे।