जालौन। ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में चलाए गए कौरोना वैक्सीन के टीकाकरण में पहाड़पुरा, सिकरीराजा व शहजादपुरा में कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान सौ ग्रामीणों ने वैक्सीन लगवाई।
पीएचसी छिरिया सलेमपुर प्रभारी डॉक्टर आरके राजपूत के नेतृत्व में ब्लॉक क्षेत्र में वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पहाड़पुरा, सिकरी राजा, छानी व शहजापुरा में बनाए गए वैक्सीनेसन सेंटर पर लोगों को प्रेरित कर वैक्सीन लगाई गई। डॉ. आरके राजपूत ने कहा कि वैक्सीन लगवाने के बाद कोरोना संक्रमण भले ही हो जाए पर जान का खतरा नहीं रहता है। इसलिए वैक्सीन अवश्य लगवाएं। सिकरीराजा में वैक्सीनेसन सेंटर पर पहुंचे सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि सरकार कोरोना के खिलाफ प्रभावी रूप से जंग लड़ रही है। लोगों को बचाना और सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता पर है। कोरोना के खिलाफ जंग में सहयोग दें और वैक्सीनेसन सेंटर पर पहुंचकर वैक्सीन लगवाएं। इस दौरान टीम में शामिल सनम, इकबाल शाह, आरती, नर्स मीनाक्षी, सीमा, संगीता, देवीशरण सोनी, मनोज श्रीवास्तव, नेहा पाल, नरेंद्र पाल आदि ने सहयोग दिया।
---------
कैंप में की जा रही टेस्टिंग
कोंच। संक्रमितों की संख्या में गिरावट आने के बाद अब अपने मन से लोग कोविड टेस्ट कराने और वैक्सीन लगवाने स्वास्थ्य केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं। प्रशासन को नगर की प्रमुख जगहों पर कैंप लगवाकर दबाव बनाकर टेस्टिंग और टीकाकरण करवाने पड़ रहे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा बस स्टैंड पर कोरोना टेस्टिंग और वैक्सीनेशन कैंप लगाकर बाहर जाने वाली सवारियों की कोरोना जांच की गई। सीएचसी प्रभारी डॉ आरके शुक्ला ने बताया कि 116 एंटीजन टेस्ट में सभी नेगेटिव पाए गए। जबकि 65 आरटीपीसीआर भेजी गई। 20 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। उधर, नदीगांव सीएचसी प्रभारी डॉ देवेंद्र भिटौरिया ने बताया कि 123 एंटीजन टेस्टिंग में सभी नेगेटिव आए जबकि 88 आरटीपीसीआर भेजी गई हैं।
---
फोटो-9-चिल्ली गांव में टीकाकरण के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करते बीडीओ। संवाद
घर घर जाकर किया प्रेरित, तब लगवाया टीका
मुहम्मदाबाद। डकोर ब्लॉक के छह गांवों में टीकाकरण कराया गया। बीडीओ व स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने घर-घर जाकर लोगों को टीका लगवाने के लिए जागरूक किया। इसके तहत बिनौरा पुर 40, चिल्ली गांव में 80, सिमरिया में 30, कुसमिलिया व कुकरगांव, सिकरी व्यास में 30-30 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। टीम ने घर घर जाकर लोगों को जागरूक किया और ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण कराने का सहयोग मांगा। इस दौरान बीडीओ अशोक गुप्ता, डकोर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी इदरीश मोहम्मद आदि मौजूद रहे। (संवाद)