उरई। नोडल अधिकारी को गोशाला में मिली अव्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को बीडीओ ने माधौगढ़ ब्लाक के तीन ग्राम विकास अधिकारियों को नोटिस भेजकर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। बीडीओ ने कहा कि जवाब संतोषजनक न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ दीपक यादव ने बताया कि माधौगढ़ ब्लाक के नोडल अधिकारी बनाए गए डॉ एके श्रीवास्तव ने बीते दिनों ब्लाक क्षेत्र की गोशालाओं का निरीक्षण किया था। जिसमें खितौली सरावन की गोशाला में भूसा नहीं मिला था। सर्दी से बचाव के लिए इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। जबकि मड़ोरी की गोशाला में भूसा, चोकर आदि नहीं था। अभिलेख भी मौके पर नहीं मिले थे। इसके अलावा पड़कुला की गोशाला में अव्यवस्था मिली थी। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा था। सीडीओ के आदेशानुसार ग्राम पंचायत अधिकारी खितौली पवन कुमार तिवारी, ग्राम पंचायत अधिकारी मड़ोरी सचिन कुमार व ग्राम पंचायत अधिकारी पड़कुला शिवसागर अवस्थी को नोटिस जारी किया है। तीनों पंचायत अधिकारियों से कहा गया है कि तीन दिन के भीतर नोटिस का जवाब दें। अन्यथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।