ईंटो। गोहन थाना क्षेत्र में किसान को मरणासन्न कर हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित किसान की हाल अभी भी सामान्य नहीं है। उसने इशारे से तीन बदमाशों के वारदात में शामिल होने की बात बताई है। थाना प्रभारी राजीव ने बताया कि पीड़ित किसान के भतीजे की तहरीर पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
बता दें कि गुरुवार की रात भाऊपुर गांव निवासी किसान राजाबाबू तिवारी घर पर सो रहा था। तभी घर के भीतर घुसे बदमाशों ने लूटपाट की और गला दबाकर राजा को मरणासन्न कर दिया। किसी तरह पड़ोसियों ने राजा को अस्पताल पहुंचाया। राजा के भतीजे श्रीकांत ने पुलिस को बताया कि बदमाश चाचा से ताऊ की लाइसेंसी बंदूक के बारे में पूछ रहे थे। न बताने पर ही उन्होंने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं घटना से राजा अभी भी दहशत में हैं। उसके मुंह से आवाज भी नहीं निकल रही है। ग्रामीणों का मानना है कि बदमाश पांच से सात रहे होंगे फिर भी पुलिस ने मामला डकैती व लूट का दर्ज करने के बजाए चोरी में दर्ज किया है। जिससे भी पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में रोष है। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि अभी राजा यह भी नहीं बता पाया है कि घर से कितना सामान चोरी गया है। फिलहाल घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।