जालौन। विधायक निधि से बना यात्री प्रतीक्षालय पहली ही बारिश नहीं झेल सका। चार माह में ही यात्री प्रतीक्षालय की दीवारें चटक गई। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से प्रतीक्षालय की जांच कराकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जालौन से हरदोई गूजर मार्ग के बीच कुंवरपुरा के लिए संपर्क मार्ग गया है। संपर्क मार्ग से मेन रोड पर आने के बाद यात्रियों को वाहन की प्रतीक्षा में खुले में बैठना पड़ता था। ऐसे में ग्रामीणों ने सदर विधायक से कुंवरपुरा मोड़ पर यात्री प्रतीक्षालय बनवाने की मांग की थी। विधायक ने कुंवरपुरा मोड़ पर यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण करा दिया। यात्री प्रतीक्षालय का लोकार्पण 4 महीने पहले हुआ था। पर यात्री प्रतीक्षालय एक बारिश को भी नहीं झेल सका। चार माह में ही यात्री प्रतीक्षालय की दीवारें चटक गई हैं। बैठने के लिए बनी स्लेप भी चटक गई है। ग्रामीण मंगल सिंह, राजू, राज किशोर, रामकुमार आदि ने बताया कि विधायक निधि से बनाया गया प्रतीक्षालय बनते ही गिरने की कगार पर आ गया है। (संवाद)
------------
कैथवा श्रमदान के पास प्रतीक्षालय बनवाने की मांग
जालौन। औरैया मार्ग पर कै थवा गांव का श्रमदान है। यहां से बस्तेपुर, कैंथवा, करतलापुर, शहब्जापुर, इटवा, रसूलपुर आदि ग्रामीण इलाकों के यात्री बस का इंतजार करते हैं। यहां से ही औरैया, इटावा, आगरा, दिल्ली, कोंच, उरई के लिए बस पकड़ते है। छह गांव के ग्रामीण प्रतिदिन इसी श्रमदान से बस में बैठते हैं और यहीं से उतरते हैं। यात्री प्रतीक्षालय न होने से ग्रामीणों को सर्दी, गर्मी व बरसात में खुले आसमान के नीचे खड़े रहकर बस का इंतजार करना पड़ता है। श्रमदान पर पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। बस्तेपुर, कैथवा श्रमदान से जुड़ने वाले ग्रामीण गीतेश महाराज, पंकज भास्कर, ऊदल कुशवाहा ने प्रशासन से मांग की है। कैथवा श्रमदान पर यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाए एवं पेयजल के लिए सरकारी हैंडपंप लगाया जाए जिससे यात्रियों को दिक्कत न हो। (संवाद)