उरई/मुहम्मदाबाद। पांच दिन पहले (28 मई को) आई आंधी ने ग्रामीण क्षेत्रों में तबाही मचाई है। कई घरों के छप्पर उड़ गए और कच्ची दीवारें गिर गईं। बिजली आपूर्ति भी ठप है। डकोर क्षेत्र के बीहड़ के गुढ़ा, सिमिरिया, बंधौली, ऐरी, रमपुरा गांवों में पांच दिनों से बत्ती गुल है। आंधी से 12 बिजली के खंभे टूटे थे। एचटी लाइन खेतों में पड़ी है। बिजली न मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ग्रामीण महाबली, ओमकार, जितेंद्र, बबुआ, मंगल सिंह, मानिक, विनोद, रामहेत, शिव सिंह आदि ने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि एक-दो दिनों में आपूर्ति दुरुस्त न हुई तो जाम लगाकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
आंधी के कारण गुढ़ा, सिमिरिया, बंधौली, ऐरी, रमपुरा गांवों में पेयजल के लिए भी हाहाकार मचा है। लोग ट्रैक्टरों में ड्रम बांध कर दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। इसके अलावा कुछ लोग पानी के बड़े-बड़े डिब्बे हाथों और साइकिल से ढुलाई कर रहे हैं। राम सिंह, विद्यासागर, मुन्ना का कहना है पानी का इंतजाम करने में दिनभर निकल जाता है।
----------------
दूसरे गांव में जाने पड़ा रहा गेहूं पिसवाने
बिजली न आने से चक्की बंद हैं। लोगों के मोबाइल भी डिस्चार्ज हैं। भीषण गर्मी में लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। मनोज कुमार, दीपू, कालका प्रसाद, राजू, हरिश्चंद्र, माधव का कहना है, तेज धूप और लू के थपेड़ों के बीच गेहूं पिसवाने व मोबाइल चार्ज करने बगल के गांव कुसमिलिया या मुहम्मदाबाद जाना पड़ रहा है।
---------------------------
फोटो संख्या-10- गांव तरसौर में पानी के लिए हैंडपंप लाइन लगाए लोग। संवाद
तरसौर गांव में तीन दिन से बिजली नहीं
सिरसा कलार। 33 केवी सिरसा कलार फीडर के गांव तरसौर में तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। गांव में पेयजल संकट भी व्याप्त है। पिछले दिनों आई आंधी से फीडर से लेकर गांव तक बिजली के 30 पोल धराशाई हो गए थे। गांव के प्रधान माताप्रसाद पाल का कहना है कि गांव के पोल अभी भी उखड़े पड़े हैं। बिजली विभाग का अमला आज भी नहीं पहुंचा। एसडीओ कुठौंद अखिलेश कुमार यादव का कहना है कि तरसौर गांव में जल्द ही पोल लगाकर, तार खींचकर आपूर्ति जल्द बहाल की जाएगी।
------------------
शहर की बिजली व्यवस्था बेपटरी
उरई। जिला मुख्यालय की बिजली व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई हुई है। इससे लोगों में गुस्सा व्याप्त है और उनका धैर्य भी टूटने लगा है। इसके लिए लोग अब सड़कों पर भी उतरने लगे हैं। शहर के कई बाहरी इलाकों में बिजली न आने से परेशानी है। शहर के राजेंद्र नगर में रात आठ बजे से 11 बजे तक बिजली नहीं आई। मोहल्ले के आदित्य का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित जेई को फोन किया पर रिसीव नहीं हुआ।
------------------
जाम लगाने के बाद मिली बिजली
उरई। भीषण गर्मी में भी शहर अजनारी रोड स्थित मोहल्लों में पिछले छह दिनों से बिजली आपूर्ति न मिलने पर मंगलवार को मोहल्ले के लोगों ने उरई कोटरा मार्ग पर जाम लगा दिया था। लगभग तीन घंटे तक लगे जाम से दोनो ओर वाहनों की लंबी लाइने लग गई थीं। सूचना पर एसडीएम रामकुमार व सीओ सिटी विजय आंनद कोतवाल शिव कुमार के साथ मौके पर पहुंचे थे। देर रात विभागीय अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर व अन्य खामियों को दूर कर मोहल्ले की बिजली व्यवस्था शुरू करा दी है। तब से निरंतर बिजली आपूर्ति चल रही है।