कदौरा। वैन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार सात लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने एक वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। चालक वैन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने वैन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कदौरा थाना क्षेत्र के हासा गांव निवासी एक ही परिवार के लोग मंदिर में पूजा करने ई-रिक्शा पर बैठकर शुक्रवार की दोपहर जा रहे थे। ई-रिक्शा जब गल्ला मंडी स्थित स्कूल के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही वैन ने ंटक्कर मार दी। हादसे में सुभाष (36), रत्ना (70), आयूष (12), गायत्री (36), अंश (14), उदयभान (24), रानी (65) घायल हो गए। हादसा देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। उन्होंने पुलिस को सूचना देकर सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां वृद्ध रत्ना को मृत घोषित कर दिया गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।