उरई। शादी समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकले युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सुबह आसपास के लोगों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराकर परिजनों को जानकारी दी। बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर निवासी हरिमोहन के 26 वर्षीय पुत्र अजीत चौधरी रंगाई-पोताई का काम करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की शाम वह घर से शादी समारोह में जाने की बात कहकर निकला था। देर रात जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके दोस्तों व रिश्तेदारों से जानकारी की। दोस्तों ने बताया कि वह शादी समारोह में शामिल ही नहीं हुआ।
इसके बाद परिजन उसकी खोजबीन करते रहे। बुधवार सुबह लोहिया पुल के पास रेलवे ट्रैक पर अजीत का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। परिजनों ने बताया कि वह घर का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से पिता, मां तारादेवी, पत्नी खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने अभी तक न तो कोई तहरीर दी है, न ही उसकी मौत की कोई वजह बता पा रहे है। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।