कदौरा। रविवार रात बरही गोशाला से निकले गोवंश के झुंड ने किसानों की 19 बीघा फसल रौंद दी। इससे पहले से मौसम की मार झेल रहे किसानों को दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गोशालाओं में चारा व दाने इंतजाम न होने की वजह से गोवंश आश्रय स्थलों से निकलकर किसानों की फसलें चरने के साथ रौंद भी डाल रहे हैं। रविवार को बरही गोशाला से निकले गोवंशों ने किसान दयालू, नेक सिंह व महेश की दो-दो बीघा गेहूं, मटर, रामबरन व सुनील की चार-चार बीघा मटर, रामनरेश की पांच बीघा गेहूं की फसल को रौंद डाला। सोमवार सुबह किसानों ने खेतों में घुसे मवेशियों को हांककर गोशाला पहुंचाया।
किसानों का कहना है कि गोशाला में मवेशियों के लिए भूसे-चारे का इंतजाम नहीं है। मवेशी कीचड़ व गोबर के दलदल में खड़े रहते हैं। दो दिन से भूसा-चारा भी नहीं दिया गया है। इसलिए टट्टर व झाखड़ तोड़ कर मवेशी रात में बाहर निकल कर उनकी फसलें बर्बाद कर दी। किसानों ने सचिव और प्रधान पर कार्रवाई के साथ मुआवजे की मांग की है। प्रधान राकेश साहू ने बताया कि रात नौ बजे तक वह स्वयं गोशाला में थे। मवेशी कैसे निकल गए, इसकी जानकारी की जा रही है।