उरई। बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने सोमवार को जालौन व नदीगांव ब्लाक के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। जिसमें गैरहाजिर मिले शिक्षकों का वेतन रोककर स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए ने सबसे पहले सुबह के वक्त जूनियर हाईस्कूल अकोढ़ी का निरीक्षण किया।
यहां सहायक अध्यापिका शिवानी सिंह निरंजन, जंटर सिंह, सुधा गुप्ता, लिपिक प्रशांत द्विवेदी व अनुचर मालती देवी गैरहाजिर मिले। विद्यालय में कुल नामांकन 82 के सापेक्ष 24 छात्र मौजूद मिले। विद्यालय की एमडीएम पंजिका भी बीएसए को देखने के लिए नहीं मिल सकी। बताया गया कि पंजिका लिपिक के पास है और वे भी मौजूद नहीं है। इस पर बीएसए ने वेतन अग्रिम आदेशों तक रोके जाने के आदेश दिए।
इसके बाद बीएसए को प्राथमिक विद्यालय उदोतपुरा में निरीक्षण के समय जान्हवी शाक्यवार विद्यालय में उपस्थित हुई इसके लिए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय भेंड़ के निरीक्षण में अनुदेशक गौरव निरंजन व हेमलता अनुपस्थित मिले। विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों व छात्रों ने बताया कि दोनों अनुदेशक विद्यालय हमेशा देर से आते हैं। इस पर दोनों अनुदेशकों का अग्रिम आदेशों तक मानदेय रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया।
यहां छात्र 121 के सापेक्ष 42 छात्र उपस्थित पाए गए। विद्यालय में कायाकल्प के तहत कार्य नहीं कराया गया है न ही मध्यान्ह भोजन मीनू के अनुसार बनाया जा रहा था। एमडीएम पंजिका भी निरीक्षण के समय नहीं पाई गई जिसके लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक को मध्यान्ह भोजन में सुधार के लिए निर्देश देते हुए एमडीएम की जांच कराने के निर्देश जारी किए।