मुहम्मदाबाद। गांवों में सड़क के आसपास बने घरों का मुआवजा संबंधी समाधान न होने से काफी समय से गांवों के पास फोरलेन सड़क अधूरी पड़ी है। सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मुहम्मदाबाद और कुसमिलिया पहुंचकर घरों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों गांवों से मुआवजे के लिए 104 लोगों की सूची तैयार की।
डकोर क्षेत्र के मुहम्मदाबाद व कुसमिलिया गांवों में छूटी फोरलेन निर्माण के लिए गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर आरसी पस्तोर एवं राजस्व विभाग के कानूनगो अभिषेक मिश्रा तथा लेखपाल पुष्पेंद्र कुमार, हरीशंकर ने दोनों गांवों में सड़क किनारे बने घरों को सूचीबद्ध किया। गृह स्वामियों से बातचीत भी की।
सर्वे में मुहम्मदाबाद के 39 एवं कुसमिलिया गांव के 65 लोगों के नाम मुआवजा सूची में दर्ज किए गए है। वहीं ग्रामीणों का कहना है दोनों विभागों की ओर से ऐसे सर्वे कई बार किए जा चुके हैं, लेकिन हल नहीं निकल पाया। बताया कि उरई-राठ फोरलेन निर्माण का काम चलते लगभग चार साल बीत चुके हैं। फिर भी यह निर्माण अभी तक पूरा नहीं किया जा सका है।