एसडीएम को ज्ञापन देने जाते किसान
- फोटो : ORAI
कोंच। मौजा सिवनी बुजुर्ग में नहर ओवरफ्लो होने के कारण पानी खेतों में भर गया। इससे किसानों की कई एकड़ जमीन में बोई गई फसलें जलमग्न होकर नष्ट होने की कगार पर पहुंच गईं। किसानों ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन देते हुए मुआवजा दिलाने की मांग की है।
एसडीएम राजेश सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम सिवनी बुजुर्ग के पीड़ित किसानों रामप्रकाश, सूरज, गन्ने, लल्लू, रामखिलावन आदि ने बताया कि नहर की सिल्ट सफाई न होने के कारण नहर ओवरफ्लो हो गई।
इससे नहर के किनारे की करीब 120 बीघे कृषि भूमि में बोई गई मटर, सरसों, चना, मसूर, गेहूं आदि की फसलें नष्ट हो गईं हैं। पीड़ित किसानों ने ज्ञापन में कहा कि बीते काफी समय से उक्त नहर की साफ -सफाई कराने की मांग करते आ रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर विभागीय अधिकारियों तक ने ध्यान नहीं दिया। फुल गेज में पानी छोड़ने के कारण नहर का पानी ओवरफ्लो हो गया।
किसानों ने एसडीएम से मांग की है कि लेखपाल को मौके पर भेजकर नष्ट हुईं फसलों का सर्वे कराया जाए और जिन किसानों का जितना नुकसान हुआ है उसको उचित मुआवजा दिलाया जाएं।