कालपी। कोरोना कर्फ्यू में दुकानें बंद कराने को लेकर शनिवार की देर रात बाजार में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग चाय विक्रेता की पुलिस कर्मियों ने लाठियों से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। इसका फोटो वायरल भी हो गया।
नगर के मोहल्ला रावगंज निवासी सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनकी बाजार में पुरानी छत्रसाल बैंक के सामने चाय की दुकान है। शनिवार की रात लगभग 8 बजे वह दुकान बंद कर रहे थे, तभी कुछ पुलिस कर्मियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। दुकानदार की पिटाई का फोटो सोशल मीडिया पर आते ही व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष रविन्द्र नाथ गुप्ता, गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष शिशु यादव, सुनील पटवा, राकेश पुरवार आदि व्यापारी नेताओं ने कहा कि मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।