कदौरा। क्षेत्र के ग्राम बागी में निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग में घटिया निर्माण की शिकायत पर अवर अभियंता ने मौके पर पहुंच कर जांच की। इस दौरान शिकायत सही पाए जाने पर डली इंटरलॉकिंग को उखाड़ कर दोबारा डालने के निर्देश दिए।
विगत सप्ताह ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बागी में इंटरलॉकिंग कार्य में मानक विहीन निर्माण का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सीडीओ डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने जांच के निर्देश दिए थे। सीडीओ के आदेश पर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता महेंद्र सिंह ने गुरुवार शाम ग्राम बागी पहुंच कर निर्माण कार्य की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान मानक विहीन निर्माण की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद मौजूद ग्राम पंचायत अधिकारी जगत नारायण कुशवाहा व ग्राम प्रधान राजबहादुर कुशवाहा को कड़ी चेतावनी देते हुए इंटरलॉकिंग के कार्य को रुकवा दिया और उखाड़ने के निर्देश दिए।
अवर अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव स्थित अमर शहीद जूनियर स्कूल में इंटरलॉकिंग निर्माण में बेस नहीं बनाया गया। इसलिए इंटरलॉकिंग उखाड़ कर मानक के अनुसार निर्माण के आदेश दिए हैं। वह अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे। बीडीओ अश्वनी कुमार ने कहा कि मानक के अनुसार निर्माण गलत है। संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।