उरई। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला रविवार को जनपद के 30 ग्रामीण एवं छह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर लगा। इसमें 64 चिकित्सकों, 222 पैरामेडिकल स्टाफ ने 758 पुरुषों, 589 महिलाओं समेत 1590 रोगियों का परीक्षण किया गया। इसमें 243 बच्चे भी शामिल रहे।
मेले में 68 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 72 लोगों की कोरोना की एंटीजन जांच की गई। 32 रोगियों के मलेरिया कार्ड एवं छह रोगियों की हेपेटाइटिस की जांच की गई। 14 लोगों की आंखों का परीक्षण किया गया। 38 गर्भवतियों का परीक्षण किया गया। इसमें पांच को उच्च केंद्रों के लिए एंबुलेंस से रेफर किया गया। मेले में 101 बुखार, 202 लिवर, 152 सांस संबंधी समस्याओं और 60 मधुमेह के रोगी आए। सबसे अधिक 287 त्वचा संबंधी रोगों के मरीज आए। 13 मरीजों में खून की कमी तथा 38 में उच्च रक्तचाप की समस्या मिली। आटा पीएचसी में एसीएमओ डॉ. एसडी चौधरी और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह ने निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि 36 जगह स्वास्थ्य मेले लगाकर मरीजों को सेवाएं दी गईं।
------------
आरोग्य मेले में 20 मरीजों की जांच
माधौगढ़। पीएचसी गोपालपुरा में 20 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। आरोग्य मेला का शुभारंभ पीएचसी गोपालपुरा में जिला मंत्री ज्योतिष सिंह ने किया। डॉ. रामेंद्र पचौरी ने बताया कि सबसे ज्यादा मरीज बुखार, जुकाम के आए। टाइफाइड के चार मरीजों की स्लाइड बनाकर दवा दी गई। इस दौरान संदीप दिवाकर, एएनएम राधा त्यागी, आसमा बेगम, कल्पना आदि मौजूद रहीं। (संवाद)
--------
विश्व होम्योपैथी दिवस मनाया
उरई। विश्व होम्योपैथी दिवस का आयोजन डॉ. रामवीर के क्लीनिक पर रविवार को किया गया। इसमें होम्योपैथी के जनक सैमुअल हैनीमेन की जयंती मनाकर उनके योगदान पर चर्चा की गई। होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. विकास चतुर्वेदी ने होम्योपैथी पद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इसके लाभ भी बताए। (संवाद)