माधौगढ़। शादी से कुछ माह पूर्व युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि दो माह बाद युवती की शादी होनी थी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है।
माधौगढ़ कस्बे के मोहल्ला पटेल नगर निवासी शिवमंगल सिंह की 21 वर्षीय पुत्री शालिनी ने बुधवार देर शाम कमरे में लगे हुक से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब खोजबीन की तो वह फंदे पर लटकी दिखी। इस पर परिजन आननफानन में उसे उतारकर सीएचसी ले गए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि शालिनी ने जिस समय फांसी लगाई, पिता खेत पर और मां जानवरों को चारा पानी दे रही थी।
युवती की शादी 21 फरवरी को होनी थी। उसके दो भाई अभयप्रताप, निर्भयप्रताप अहमदाबाद में गार्ड की नौकरी करते है। घर पर माता-पिता व बाबा महावीर रहते हैं। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच की जाएगी। परिजनों ने अभी तक मौत का कोई कारण नहीं बताया है।