-कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की मौजूदगी में होता लकी ड्रा।
- फोटो : ORAI
उरई। कोविड टीकाकरण के प्रति जागरुकता लाने के लिए लकी ड्रा के माध्यम से चार लोगों को पुरस्कार के लिए चुना गया। बुधवार को डीएम कार्यालय सभागार में कोरोना वैक्सीन की पहले चरण में दोनों डोज लगवाने वाले लाभार्थियों का लकी ड्रा निकाला गया। डीएम प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में सीएमओ कार्यालय के चालक अरविंद ने लकी ड्रा निकाला। विजेताओं को दो-दो हजार रुपये मिलेंगे।
इस मौके पर डीएम ने कहा कि लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करना बहुत जरूरी है। टीकाकरण के समय मास्क पहनना और दो गज दूरी का पालन अनिवार्य रूप से करें। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए लकी ड्रा योजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में हुए लकी ड्रा के लिए डीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम बनाई गई थी। टीम में सीएमओ के अलावा एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, एसीएमओ डॉ सत्यप्रकाश शामिल थे। लकी ड्रा में करीब तीन हजार हेल्थ केयर वर्कर और करीब सात हजार फ्रंट लाइन वर्कर शामिल थे।
लकी ड्रा में रमेश चंद्र कुठौंद, शांति देवी कुठौंद, रामसेवक कालपी और सविता कुठौंद को चुना गया। उन्होंने बताया कि सभी को पुरस्कार स्वरूप दो-दो हजार रुपये दिए जाएंगे। इस दौरान सीडीओ डॉ अभय कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट एसके शुक्ला, एनएचएम के डीपीएम डॉ प्रेमप्रताप, जिला वैक्सीन स्टोर इंचार्ज रवींद्र वर्मा मौजूद रहे।