उरई। इस बार मदरसे बोर्ड की परीक्षाएं यूपी बोर्ड की तर्ज पर 14 से 23 मई तक चलेंगी। इसके लिए जिले में दो केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 973 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। छात्राओं के लिए आर्य कन्या इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। छात्रों के लिए जनता विद्या मंदिर इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आरडी प्रजापति ने बताया कि आर्य कन्या इंटर कालेज में 629 छात्राएं तथा जनता विद्या मंदिर इंटर कालेज में 344 छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इसमें सेकेंडरी यानी हाईस्कूल से लेकर फाजिल एमए तक की परीक्षाएं होगी। मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं में यूपी बोर्ड की तर्ज पर कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। कोरोना लक्षण वालों को अलग कमरे में बैठाकर परीक्षा दिलाई जाएगी। परीक्षा ड्यूटी से जुड़े किसी कर्मचारी में कोविड के लक्षण मिलते है तो उसे परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया जाएगा।
-----------------
सीसीटीवी की निगरानी में होगी परीक्षा
मदरसे की परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। परीक्षा का जिला स्तरीय कंट्रोल रूम जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में बनाया गया है। जिसकी वेब कास्टिंग मदरसा बोर्ड मुख्यालय में होगी। परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं कंट्रोल रूम की निगरानी में रहेगी।
---------------------
पांच सदस्यीय सचल दल गठित
जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव को परीक्षा का सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। उनके नेतृत्व में दो पुरुष और दो महिला शिक्षकों को सचलदल में शामिल किया गया है। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शिवसिंह, डीआईओएस भगवत पटेल, बीएसए प्रेमचंद यादव को परीक्षा की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।