कदौरा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अपात्र लोग ले रहे हैं। ऐसे मामले लगातार उजागर होने पर शासन ने संज्ञान लेकर निर्देश दिए कि अब गांव-गांव जाकर खुली बैठक करें। जो व्यक्ति सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं, उनके नाम की सूची बनाई जाए। ताकि पात्र और अपात्र का निर्णय हो सके।
ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत मरगायां में किसान सम्मान निधि की सोशल ऑडिट की बैठक बुधवार को हुई। इसमें अपात्रों के नाम काटे गए व नए पात्र किसानों को जोड़ने का काम किया गया। साथ ही किसानों को बताया गया कि जो भी अपात्र सम्मान निधि का लाभ ले रहा है। वह सम्मान निधि की धनराशि तत्काल सरकारी खाते में जमा करा दें। अन्यथा उसके नाम वसूली को नोटिस दिया जाएगा। बैठक में मौजूद किसानों को सम्मान निधि पाने वाले किसानों की लिस्ट पढ़कर सुनाई गई। ऑडिट प्रभारी जगत नारायण ने बताया कि सम्मान निधि पाने वाले किसानों की सूची पंचायत भवन, सार्वजनिक स्थलों पर लगाई गई है। इस दौरान दीपचंद्र, सूची देवी, बलखण्डी, महाबीर, घनश्याम यादव, गोविंद नारायण आदि मौजूद रहे।