उरई। तीन दिन से हो रही झमाझम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार को तेज आंधी के साथ हुई बारिश से कई जगह बिजली के पोल और पेड़ मुख्य मार्गों पर गिर पड़े। इससे आवागमन प्रभावित रहा। भारी बारिश से शहरी क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग जलभराव के साथ ही बिजली संकट से जूझ रहे हैं।
लगातार हो रही बारिश से किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। नदियों का जलस्तर फिर बढ़ने से तलहटी के गांवों के लोगों के चिंता बढ़ने लगी है। डीएम ने सभी एसडीएम को बाढ़ के हालातों से निपटने की सभी तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए है। हालांकि जिले में कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
कदौरा। कस्बा स्थित खंड विकास कार्यालय में रविवार की दोपहर एक आवास की दीवार भरभरा कर गिर गई। हालांकि दीवार के समीप बैठे इकौना के ग्रामीण राजेंद्र, बलदेव, जमरेही के सूरज, हरचंद्रपुर की कुसुमा देवी और बागी की मालती बाल-बाल बच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि वे लोग ब्लॉक परिसर में आवास की सूची, मनरेगा के कार्यों की जानकारी करने आए थे। भीड़ अधिक होने पर दीवार के समीप बैठ गए थे। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने कहा कि ब्लॉक परिसर में कई आवास जर्जर हालत में हैं, जिनकी कार्य योजना और स्टीमेट बनाकर शासन को भिजवा दिए हैं। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
कदौरा। रविवार की रात तेज आंधी और बारिश से ग्राम भेड़ी खुर्द, बड़ागांव में बिजली के कई खंभे, 12 से अधिक पेड़ सड़कों पर गिर गए। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गांव के सुंदर सिंह, बल्लू सिंह, चरण निषाद ने बताया कि बिजली के खंभे और पेड़ सड़क के बीचों बीच गिरे हैं, जिससे भेड़ी खुर्द, बड़ागांव, महमूदनगर, उकुरुवा, लहरा, ककरऊ आदि गांव के लोगों को बाजार ब्लॉक और तहसील मुख्यालय जाने में काफी परेशानी हो रही है।
वहीं गांव की बिजली सप्लाई भी ठप है, जिससे लोगों को पीने के पानी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। एसडीएम कौशल कुमार ने बताया कि मौके पर वन विभाग और बिजली विभाग की टीम को भेजा गया है, जल्द ही सप्लाई शुरू करा दी जाएगी। इसके साथ ही सभी रास्तों को खुलवा दिया जाएगा।
आटा। रविवार की रात बारिश के साथ तेज आंधी आने से आटा-इटोरा मार्ग स्थित रेलवे फाटक के पास पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। इससे यहां जाम के हालात बने रहे।
इसी दौरान चमारी की गर्भवती नीतू पत्नी शैलेंद्र को अचानक पेट में दर्द हुआ। परिजनों ने 108 एंबुलेंस को फोन कर बुलाया, मगर सड़क पर पेड़ गिरने एंबुलेंस नहीं निकल पाई। करीब एक घंटे तक एंबुलेंस फंसी रही। परिजन गर्भवती को बाइक से जिला अस्पताल ले गए। महिला की हालत ठीक बताई जा रही है। जाम की वजह से वाहन चालकों को रूट डायवर्जन करते हुए करीब 20 किमी का चक्कर लगाना पड़ा। सूचना देने के बाद भी कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। सुबह ग्रामीणों ने खुद सड़क पर पडे़ पेड़ हटाकर आवागमन चालू कराया।
भेडी कदौरा मार्ग पर विद्युत पोल गिरने से यातायात बाधित- फोटो : ORAI
आटा इटौरा मार्ग पर आंधी बारिश से गिरा पेड़ यातायात बाधित- फोटो : ORAI