कदौरा। बकायेदारों से बिजली के बिल की वसूली की कवायद तेज हो गई है। ब्लाक सभागार में बिजली विभाग की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें समूह की महिलाओं को बिजली बिल जमा करने का प्रशिक्षण दिया गया। उपखंड अधिकारी ऋषभ राजपूत ने बताया कदौरा उपखंड के अंतर्गत 4 फीडर आते हैं। इन फीडरों से बिजली प्राप्त करने वाले कई उपभोक्ताओं ने समय से बिल जमा नहीं किए हैं। कई बार नोटिस भी दिए गए पर बिल नहीं जमा हो रहे हैं। इसलिए ग्राम पंचायतों में संचालित समूहों की महिलाओं को गांव-गांव में बकाया बिल जमा कराने की जिम्मेदारी दी जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रेनर रंजीत सिंह ने समूह की महिलाओं को प्रशिक्षित करते हुए बताया कि उन्हें बिल जमा करने की मशीनें भी दी जाएंगी। ताकि वे ऑनलाइन बिल जमा करा सके। इस दौरान वरिष्ठ लिपिक राजेश कुशवाहा, नवल किशोर, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
----------
गोदाम से बीज लेकर छूट का लाभ उठाए किसान
सिरसा कलार। गांव जहटौली मे कृषि विभाग की ओर से न्याय पंचायत स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को तिलहन, दलहन में सब्सिडी आदि की जानकारी दी गई। बता दें कि ब्ला से आये अरुण कुमार ने किसानों को लाही, चना, मसूर पर मिलने वाली छूट की जानकारी दी। बताया कि सरकारी बीज गोदाम कुठौंद से किसान पंजीकरण आधार लेकर बीज प्राप्त कर सकते है। सब्सिडी सीधे उनके खाते में आएगी। चना में 80, मसूर व लाही में 60 प्रतिशत की छूट मिलेगी। गोष्ठी में प्रधान योगेश चौरासिया, मंगल सिंह, राजू सिंह, तुलसीराम, रेखा देवी आदि किसान मौजूद रहे। (संवाद)