कोंच। विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए असलहों को थाने में जमा कराया जा रहा है। कोतवाल बलिराज शाही ने बुधवार को पत्रकारवार्ता में कहा कि जिन लोगों के शस्त्र जमा नहीं होंगे। उनके लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभी तक 70 फीसदी ही असलहे जमा हुए हैं। जो शेष हैं वे भी तत्काल जमा कराएं।
कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र में शस्त्र लाइसेंस धारकों से उनके असलहे प्राथमिकता से जमा कराने में जुटीं हैं। इसके लिए सभी चौकी प्रभारियों, थानेदारों और बीट सिपाहियों को लगाया गया है। जो शस्त्र धारकों के घर-घर जाकर उनके शस्त्र जमा करा रहे हैं। कोतवाल ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में कुल 1291 शस्त्र लाइसेंस धारक हैं। इसमें से 901 शस्त्र जमा हो चुके हैं। चूंकि पंचायत चुनाव में सभी शस्त्रों का सत्यापन नहीं हो पाया था। लिहाजा जिनके असलहे जमा नहीं हुए हैं वे भी तत्काल जमा कर दें। ताकि उनके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो सके। अगर किसी को जमा करने से छूट चाहिए है तो वह वैध कारण बताते हुए स्क्रीनिंग कमेटी को आवेदन देकर छूट प्राप्त करें। अन्यथा की स्थिति में उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-----------------
पुलिस ने लग्जरी कारों की तलाशी ली
कोंच। विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन हर गतिविधि पर नजर लगाए हैं। शांति और सुरक्षा के बीच निष्पक्ष व बगैर किसी खरीद फरोख्त प्रलोभन के चुनाव कराने के लिए लगातार जांच-पड़ताल की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम राजेश सिंह व सीओ शाहिदा नसरीन के संयुक्त निर्देशन में कोतवाली पुलिस लगातार कार्रवाई कर आ रही है। मंगलवार की देर रात्रि प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही की अगुवाई में पुलिस बल ने मार्कंडेयश्वर तिराहे पर चार पहिया वाहनों की सघन चेकिंग की। तिराहे से गुजरने वाली तमाम लग्जरी गाड़ियों को रोककर पुलिस ने उनकी चेक की। वाहनों में सवार लोगों की भी तलाशी लेकर उनसे आवश्यक पूछताछ की। पुलिस ने संबंधित वाहनों के जरूरी प्रपत्र भी जांचे। हालांकि किसी प्रकार की कोई आपत्तिजनक वस्तु, प्रचार सामग्री अथवा नकदी बरामद नहीं हुई। (संवाद)