कलेक्ट्रेट मे जिला पंचायत कार्यसमिति के लिए नामांकन दाखिल करते जिला पंचायत सदस्य
- फोटो : ORAI
उरई। जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में जिला योजना के सदस्यों के लिए नामांकन हुए। सदस्यों ने एडीएम प्रतिपाल सिंह के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। जिला योजन के सभी 15 पदों पर एक-एक नामांकन दाखिल किया गया। जिससे सभी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय मना जा रहा है।
बता दें कि जिला योजना के 15 सदस्यों के लिए जिला पंचायत सदस्यों में से इनका निर्वाचन किया जाना है। इसमें एससी महिला के लिए एक, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए तीन, अनारक्षित महिला के लिए दो, अनारक्षित पांच पद शामिल है। इन पदों के लिए सुबह से कलक्ट्रेट में गहमागहमी का माहौल रहा। कलक्ट्रेट परिसर के बाहर बैरीकेेडिंग की गई थी। साथ ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुबह 11 बजे डीएम न्यायालय कक्ष में एडीएम नमामि गंगे प्रतिपाल सिंह चौहान द्वारा नामांकन लिए गए। इसमें अनारक्षित वर्ग के पांच सदस्यों लिए जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, मनोज, रणविजय सिंह व भगवान सिंह ने पर्चा भरा। वहीं अनारक्षित वर्ग महिला के दो पदों के लिए अर्चना व ज्योति ने नामांकन दाखिल किया। इसी प्रकार अनुसूचित जाति की तीन सीटों के लिए अमृता, पूनम व प्रियंका ने नामांकन दाखिल किया, जबकि अनुसूचित जाति महिला की एक सीट के लिए मालती ने दावेदारी की। अन्य पिछड़ा वर्ग की 3 सीटों के लिए अतर सिंह, कैलाश व रेखा ने नामांकन किया वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के एक पद के लिए मीनाक्षी पटेल ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। प्रत्येक सीट के लिए एक.एक उम्मीदवार द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने से सभी का निर्विरोध चुना जाना तय है।