टाउनहाल के टीकाकरण बूथ पर वैक्सीन देखती नोडल अधिकारी संयुक्ता समद्दार।
- फोटो : ORAI
उरई। जिले की नोडल अधिकारी संयुक्ता समद्दार ने शनिवार को जिले में कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए किए गए इंतजाम देखे। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट के संचालन और उसके प्रेशर को लेकर जानकारी ली। इसके साथ वैक्सीनेशन की रफ्तार को और तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को मास्क और दो गज की दूरी के लिए जागरूक करें।
जनपद की नोडल अधिकारी संयुक्ता समद्दार डीएम प्रियंका निरंजन के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में संचालित ऑक्सीजन प्लांट को देखने पहुंचीं। ऑक्सीजन के प्रेशर से लेकर उसके उपकरणों के संबंध में भी पूछताछ की। जिला अस्पताल व बैंक्विट हॉल में कोविड-19 के वैक्सीनेशन कार्यक्रम का भी जायजा लिया। यहां वैक्सीन स्वयं हाथ में लेकर पूछताछ की। ऑक्सीजन सिलिंडरों की संख्या भी पर्याप्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जच्चा-बच्चा वार्ड का भी हाल देखा। यहां सर्दी के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी नाथ, सीएमओ डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, परियोजना निदेशक शिवाकांत द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
-----------
कोरोना की संख्या नहीं बढ़नी चाहिए
निरीक्षण करने आईं नोडल अधिकारी ने विकास भवन में बैठक करके भी स्वास्थ्य सेवाओं और कोविड-19 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 प्रोटोकॉल के मुताबिक सभी संबंधित विभागीय अधिकारी अनुपालन सुनिश्चित करें। कोरोना की संख्या किसी भी हाल में नहीं बढ़नी चाहिए। इसके लिए लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के साथ ही मास्क लगाने और सोशल डिस्टेसिंग के लिए भी जागरूक करें।