माधौगढ़ (जालौन)। पहुज नदी में मछली पकड़ने आए सात युवकों में से दो युवक डूब गए। साथ आए युवकों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया पर कहीं पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों से डूबे युवकों की खोज कराई। लगभग तीन घंटे की तलाश के बाद नदी से एक युवक के शव को बरामद कर लिया गया। दूसरे युवक की तलाश जारी है।
मध्यप्रदेश के भिंड जनपद के मिहौना थाना क्षेत्र के खितौली गांव निवासी गोलू (19), धीरु दोहरे (18), सरमन वाल्मीकि (23), राजकुमार (21), राज (19), बृजेश दोहरे (17), सुमित दोहरे (18), सूरज दोहरे (21) रविवार की दोपहर माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरा के पास से निकली पहुज नदी में मछली पकड़ने आए थे। मच्छरदानी से नदी में मछली पकड़ते समय गोलू व धीरु गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देख साथी युवकों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया। उनके डूबने पर दोस्तों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे युवकों की नदी में तलाश कराई। देर शाम तक गोलू का शव नदी से बरामद हो गया है। जबकि धीरु का अभी तक कुछ भी पता नहीं चला है। तलाश जारी है। गोलू की मौत से पिता ठाकुरदास सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।