पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े मृतक के परिजन।
- फोटो : amar ujala
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बोहदपुरा में अपने मामा के घर पर बचपन से रहने वाले केकेंद्र (20) पुत्र कमलेश निवासी वसीठ थाना नदीगांव का शव रविवार की सुबह गांव के बाहर बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। गांव के लोग जब सुबह टहलने निकले तो युवक का शव देखकर इसकी जानकारी उसके ममेरे भाई रविकांत को दी।
केकेंद्र की मौत की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया और परिजन व पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। युवक के ममेरे भाई रविकांत ने बताया कि केकेंद्र ट्रक पर क्लीनरी करता था।
शनिवार की रात दस बजे घर से बता निकला था कि उसका ट्रक आ गया और वह जा रहा है। सुबह उसका शव पेड़ पर लटके होने की जानकारी मिली। उसने बताया कि केकेंद्र बचपन से ही मामा के यहां बोहदपुरा में रहता था। कोतवाल का कहना है कि मामला हत्या का है या फिर आत्महत्या का, यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो सकेगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।