आटा थाना क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी निवासी पंकज (25) पुत्र दिल्लीपथ मजदूरी करता है। शनिवार दोपहर वह उरई के जालौन रोड स्थित रामगढ़ हाउस नाम की इमारत में काम कर रहा था। कुछ सामान छत पर ले जाते वक्त अचानक पैर फिसलने पर छत से सीधा नीचे फर्श पर आ गिरा, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। मकान मालिक व साथी मजदूर पंकज को लेकर जिला अस्पताल आए, जहां से चिकित्सक ने उसे कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया।
परिजन एंबुलेंस से पंकज को कानपुर ले जा रहे थे तभी कालपी के जोल्हूपुर के पास पंकज ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों के सुपुर्द किया गया तो परिजनों व साथी मजदूरों ने मेडिकल कालेज में हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस व अन्य अधिकारियों ने मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर वह लोग शांत हुए और शव को घर ले गए।