जंगल में अवैध खनन कर रहे मौरंग माफियाओं पर वन विभाग की टीम ने शिकंजा
कसते हुए छापामार कार्रवाई कर पोकलैंड मशीन को सीजकर दिया और दो नामजद सहित
सात आरोपियाें के खिलाफ अवैध मौरंग खनन की रिपोर्र्ट दर्ज कराई है। वन
विभाग ने दो टूक चेतावनी दी कि जंगल की जमीन पर अवैध खनन करने वालाें पर
कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डकोर थाना क्षेत्र के गांव मुहाना की जमीन
से गुरुवार रात हमीरपुर जनपद के गांव अतरौलिया थाना जरिया निवासी नीरज
कुमार व उनके साथी अखिलेश शुक्ला निवासी लखनऊ अपने पांच अज्ञात साथियाें के
साथ पोकलैंड लगाकर अवैध खनन कर रहे थे। इसकी जानकारी पर वन दरोगा मनीष
कुमार, वन रक्षक आशीष कुमार आदि मौके पर पहुंचे। इस पर पाया कि पोकलैंड से
ट्रकाें में मौरंग भरी जा रही थी। इस पर टीम ने पोकलैंड को पकड़कर थाना
पुलिस के हवाले कर आरोपियाें के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर
पोकलैंड को सीज कर दिया। वन विभाग की टीम ने पुलिस को मौके पर बुलाया लेकिन
पुलिस नहीं पहुंची। इस बाबत थानाध्यक्ष बृजनेश कुमार ने बताया कि वह अभी
नए आए हैं। भौगोलिक स्थित का पता न होने के कारण वह मुहाना तो गए थे लेकिन
उस जगह तक नहीं पहुंच पाए। उन्हाेंने कहा कि क्षेत्र में अवैध मौरंग खनन
नहीं होने देंगे।