बाजार आ रही महिला को बाइक सवार दो लुटेराें ने महिला थाने के पास रोक लिया। बदमाशों ने दिनदहाड़े तमंचा दिखाकर उससे सोने की चेन व रुपये लूट लिए। पीड़िता कोतवाली आई और बाइक सवार लुटेराें के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई की बात कही है। मुहल्ला शांतिनगर सरस्वती मंदिर इंटर कालेज के पास रहने वाली
मीरा कौशिक पत्नी गोविंद कौशिक ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रविवार की दोपहर करीब तीन बजे घर का सामान खरीदने पैदल बाजार जा रही थी। जब वह डीवी कालेज के पुस्तकालय व महिला थाने के बीच पहुंची। तभी पीछे से बाइक सवार दो लुटेरे तमंचा लहराते हुए उसके पास पहुुंच गए और उसे रोक लिया। तमंचा दिखाकर लुटेराें
ने महिला के गले में पड़ी सोने की चेन व पर्स छीन लिया। महिला के मुताबिक पर्स में 350 रुपये थे। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे बाइक से बाजार की ओर भाग गए। इस दौरान
महिला चीखी पर तब तक बदमाश भाग चुके थे। पीड़िता महिला थाने पहुंची और आपबीती बताई। इस पर थाना प्रभारी नीलेश कुमारी मौके पर पहुंची और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से लुटेराें का हुलिया पूछकर कार्रवाई की बात कही है।