उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे स्थित बड़ागांव में तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार पर सवार दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मैनपुरी जिले के करहल थानाक्षेत्र के मोहटी गांव निवासी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक राहुल सिंह साथी बड़ा हाउस आगरा बाईपास मैनपुरी निवासी ब्रजवीर सिंह यादव, चंदरपुरा जिला इटावा निवासी विशवेंद्र सिह उर्फ भूरे और नगला मदारी थाना करहल मैनपुरी निवासी राजकुमार के साथ ट्रक देखने के लिए मध्य प्रदेश के भोपाल कार से गए थे। बुधवार की रात सभी लोग कार से इटावा लौट रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे स्थित बड़ागांव के पास पहुंची। उसी दौरान ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार चला रहे बृजवीर सिंह (37) व आगे की सीट पर बैठे विशवेंद्र सिंह उर्फ भूरे (47) की मौत हो गई। पीछे बैठे राजकुमार व राहुल गंभीर रुप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर चला गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।