कोंच। रंगों के पर्व होली तथा मुस्लिम के शब-ए-बरात को लेकर कोंच, कैलिया और नदीगांव थानों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित हुईं। इसमें अधिकारियों ने सभी से दोनों पर्व आपसी सद्भाव कायम रखते हुए भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
कोंच थाने में हुई बैठक में एसडीएम राजेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि होली पर शराब की दुकानों की बंदी रहेंगी। साथ ही कड़ी नजर भी रहेगी कि शराब चोरी से न बिक सके। सीओ शाहिदा नसरीन ने कहा कि होली के त्योहार पर अगर किसी की कोई समस्या है तो प्रशासन को बताएं। ताकि समय पर समाधान कराया जा सके। कोतवाल बलिराज शाही ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए पर्व शांति से मनाने में सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में 85 स्थानों पर होलिका दहन किया जाता है।
बैठक में पालिकाध्यक्ष डॉ. सरिता वर्मा समेत कई गणमान्य मौजूद रहे। उधर, कैलिया में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार द्विवेदी और नदीगांव में एसएचओ अजित सिंह ने बैठक कर सभी से सहयोग मांगा। इस दौरान गौरव सोनी, आकाश उदैनिया, महेंद्र कुमार, सभासद महावीर यादव, शकील मकरानी आदि मौजूद रहे।
----------
ये समस्याएं निकल कर आईं सामने
कोंच। पीस कमेटी की बैठक में जनता की ओर से भी कई समस्याएं सामने उजागर हुईं। बताया गया कि चौराहों पर गंदगी के अंबार लगे हैं। ग्राम प्रधान दयाशंकर वर्मा ने बताया कि चांदनी में पंचायत घर में लगे कैमरे अराजकतत्वों तोड़ दिए हैं। नगर के फूलबाग क्षेत्र में नाला जाम होने के कारण सड़क पर जलभराव हो जाता है। नगर में सीवर सफाई की अधिकारियों से मांग की गई।
-----------------
होलिका दहन स्थलों व कब्रिस्तानों का निरीक्षण होगा
कोंच। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि नगर पालिका, विद्युत व पुलिस की टीम बनाकर कब्रिस्तान और होलिका दहन स्थलों का मौके पर जा कर निरीक्षण किया जाए। जिससे कोई भी समस्या मिलने पर उसका समाधान कराया जा सके।
-----------------------
प्रेम व भाईचारे के साथ मिलकर मनाएं त्यौहार
उरई। होली व शब-ए-बारात को लेकर एसपी के निर्देंश पर रविवार को जिले के कई थानों में में शांति समिति की बैठकें हुई। कोटरा थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक में थानाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रेम व भाईचारे का त्यौहार सभी लोग मिलकर मनाएं। त्यौहारों के नाम पर हुड़दंग न करें। बैठक में मूलचंद्र, राकेश, शिवराम, देवेंद्र आदि मौजूद रहें। वहीं माधौगढ़ कोतवाली में एसडीएम पुष्कर चौधरी व सीओ राहुल पांडेय की मौजूदगी में हुई बैठक में अधिकारियों ने कहा कि बगैर सहमति के किसी पर जबरन रंग न डाले। एकदूसरे की भावनाओं को ठेस न पहुंचाए। रामपुरा व गोहन थाना में भी शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें क्षेत्रीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष व पुलिसकर्मियों के साथ साथ गणमान्य लोग मौजूद रहें। (संवाद)