उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र में परचून दुकानदार की पत्नी ने घर में साड़ी से फांसी लगा ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। पुलिस व परिजन महिला के आत्महत्या करने की वजह नहीं बता सके हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लहारियापुरवा निवासी संतराम की घर में ही परचून के सामान की दुकान है। दुकान में संतराम की पत्नी मिलन (42) भी बैठती थी। गुरुवार की सुबह संतराम किसी काम से घर से बाहर गया था। उसी दौरान मिलन ने कमरा बंद कर साड़ी से फांसी लगा ली। पड़ोसी जब सामान लेने गए तो दुकान बंद देख उन्होंने घर की कुंडी खटखटाई। अंदर से कोई आवाज न आने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो भीतर मिलन फंदे पर लटक रही थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। पुलिस के मुताबिक मिलन को कोई संतान नहीं थी। पुलिस का कहना है कि परिजन मौत का कोई कारण नहीं बता पा रहे है। मामले की जांच की जा रही है।