उरई। शहर में नगर पालिका की अनदेखी से नाले कीचड़ व गंदगी से पटे पड़े हैं। स्थानीय लोगों ने पालिका पर अनदेखी का आरोप लगाया है।
इकलासपुरा बाईपास निवासी पंकज ने बताया मोहल्ले की आबादी करीब चार हजार है। लेकिन पिछले दो सालों से नाले की सफाई न होने से पूरा नाला गंदगी से पटा हुआ है। बरसात से पहले सफाई नहीं हुई तो जलभराव के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का भी खतरा बना रहेगा। आचार्य नरेंद्र इंटर कालेज के नजदीक रहने वाले रमेश बताते हैं कि इस मोहल्ले में भी तीन हजार के आसपास लोग रहते हैं। यहां भी नाला भरा पड़ा है। अगर सफाई नहीं हुई तो बरसात में पानी घरों में घुसने की आशंका है।
आटा। नमामि गंगे योजना के तहत परासन गांव में पांच माह से काम ठप पड़ा है। पाइप बिछाने के लिए खोदी गई सड़क से ग्रामीणों को निकलने में परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
कदौरा ब्लाक के परासन गांव की आबादी लगभग 12 हजार है। यहां पेयजल एक मात्र स्रोत हैंडपंप हैं। प्रधान धरनीधर यादव, गोविंद सिंह, जितेंद्र, धर्मेंद्र, सुशील तिवारी, राहुल आदि ने बताया कि नमामि गंगे योजना से चुनाव के पहले काम शुरू हुआ था, पाइप लाइनें बिछाई गई थीं। चुनाव के बाद से काम रुक ा है। इसकी शिकायत वह जिला कार्यालय में भी कर चुके हैं।
इस मामले में एडीएम नमामि गंगे विशाल यादव ने कहा है कि काम चल रहा है, जिन गांवों में काम अधूरा है वहां जल्द पूरा कराया जाएगा। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।