उरई। प्रेमिका के बुलाने पर उसके गांव मिलने पहुंचे एक युवक की गांव वालों ने जबरन शादी करा दी। युवक जालौन जिले के सिरसा कलार थाना क्षेत्र के एक गांव का है और युवती का गांव कानपुर देहात जिले में पड़ता है। युवक के परिजनों ने शादी पर ऐतराज जताया है।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के गांव सरैनी के एक युवक की कानपुर देहात जिले के गांव कुचैता में रिश्तेदारी थी। युवक अक्सर उस गांव में जाता था, उसी दौरान उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। रविवार को युवक अपनी प्रेमिका के बुलावे पर गांव पहुंच गया। रात में ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। सजा मुकर्रर करने के लिए रात में ही पंचायत बैठी और दोनों की शादी कराने का फैसला लिया।
युवक ने शादी पर ऐतराज जताया लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई। रात में ही शादी का सारा सरंजाम जुटा गया, मंडप लगाया लड़की को दुल्हन के कपड़े पहनाए गए, युवक उसी कपड़ों में मंडप में बैठाया गया, पंडित ने बिना मुहूर्त की शादी में मंत्रोच्चारण किए और उनके फेरे कराकर उन्हें दंपती घोषित कर दिया। इस दौरान शादी का वीडियो भी बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। जब इस बात की जानकारी युवक के परिजनों को हुई तो वे सुबह सरैनी से कुचैता पहुंचे। युवक के परिजनों का कहना है कि उनके बेटे को फंसाया गया है। इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को नहीं है।